बिहार के मंत्री ने बाबा बैद्यनाथ के दरबार में की पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
बिहार के मंत्री ने बाबा बैद्यनाथ के दरबार में की पूजा-अर्चना


देवघर, 14 मई (हि.स.)। बाबाधाम मंदिर में गुरुवार को बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता सपरिवार पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ के दरबार में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।

मंदिर पहुंचने पर तीर्थ पुरोहितों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से राज्य और देश की सुख-समृद्धि, शांति और सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की भी प्रार्थना की। मंत्री ने बताया कि बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में भव्य माता सीता मंदिर के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जो धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देगा।

श्रावणी मेले को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि बिहार सरकार इस वर्ष श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज से कांवर लेकर देवघर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए पहले से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, विश्राम और यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा की नगरी देवघर में आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति की अनुभूति होती है। मंत्री ने श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा, बाबा के भरोसे ही यह पूरा संसार संचालित हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story