जामताड़ा में ठंड से राहत अभियान, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में बांटे गए हजारों कंबल

WhatsApp Channel Join Now
जामताड़ा में ठंड से राहत अभियान, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में बांटे गए हजारों कंबल


जामताड़ा, 03 जनवरी (हि.स.)। झारखंड के जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को ठंड से राहत के लिए व्यापक कंबल वितरण अभियान चलाया गया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत विभिन्न पंचायतों में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए।

अभियान के दौरान झिलुआ, पबिया, बाकुडीह, केन्दुआटांड़, बसपहाड़ी, पिपलाटांड़, उदयपुर, बगरूडीह और महेशपुर सहित कई गांवों में करीब 8,000 कंबलों के वितरण का दावा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों की मदद करना सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि सेवा भाव से किया गया कार्य ही जनता का भरोसा मजबूत करता है और यही किसी जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पूंजी होती है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि ठंड से किसी की जान बचाना सबसे बड़ा दान है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष ठंड के मौसम में जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाने का प्रयास किया जाता है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से बीमार न पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की सेवा ही उनका धर्म है और वे बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र में लगातार कार्य करते रहेंगे।

कंबल वितरण के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और इस पहल को ठंड से राहत देने वाला बताया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा, पंचायत प्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story