स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी और शिल्पी तिर्की ने 'मायरा पॉलीक्लिनिक' का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी और शिल्पी तिर्की ने 'मायरा पॉलीक्लिनिक' का किया उद्घाटन


रांची, 03 जून (हि.स.)। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बुधवार को रांची के मौलाना आजाद कॉलोनी में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मायरा पॉलीक्लिनिक का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस मौके पर कहा कि स्वास्थ्य किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी है और राज्य सरकार की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने मायरा पॉलीक्लिनिक की स्थापना को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि यह संस्थान केवल इलाज का केंद्र नहीं, बल्कि मानव सेवा का प्रतीक है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यहां उपलब्ध आधुनिक जांच सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं तथा 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था क्षेत्र के हजारों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने संस्थापक डॉ. ताबां रिजवी और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐसी जनहितकारी पहलों को हमेशा प्रोत्साहित करती रहेगी।

विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि किसी भी समाज का समग्र विकास तभी संभव है, जब उसके नागरिक स्वस्थ हों। उन्होंने महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और वंचित वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पॉलीक्लिनिक क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कार्यक्रम में रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में समय का बहुत महत्व होता है। कई बार समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है। ऐसे में मायरा पॉलीक्लिनिक जैसी संस्थाएं स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मायरा पॉलीक्लिनिक के संस्थापक डॉ. ताबां रिजवी ने कहा कि यह संस्थान केवल एक चिकित्सा केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र के गरीब, मजदूर, मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों के लिए आशा और विश्वास का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों की पहुंच तक पहुंचाना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है।

समारोह में झारखंड वक्फ बोर्ड के सदस्य इबरार अहमद, अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष मुख्तार अहमद सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने संस्थान का निरीक्षण भी किया और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story