मंत्री इरफान ने रिम्स में आधुनिक स्वास्थ्य-डिजिटल सुविधाओं का लोकार्पण किया

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री इरफान ने रिम्स में आधुनिक स्वास्थ्य-डिजिटल सुविधाओं का लोकार्पण किया


रांची, 22 जुलाई (हि.स.)। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में बुधवार को आधुनिक स्वास्थ्य एवं डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया। रिम्स में 15 नव-नियुक्त एसोसिएट प्रोफेसरों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इसके साथ ही डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट, सेंट्रल लैब, बीएसएनएल प्रबंधित हाई-स्पीड वाई-फाई, सीसीटीवी कमांड एंड कंट्रोल रूम, ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी (ओएमएफएस) ऑपरेशन थिएटर एवं वार्ड कॉम्प्लेक्स, सी-डैक ऑनलाइन भुगतान पोर्टल तथा स्कैन एंड पे सुविधा का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर इरफान अंसारी ने कहा कि रिम्स को देश के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा संस्थानों में शामिल करना उनका संकल्प है। जल्द ही 94 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था और आधुनिक संसाधनों से मरीजों को तेज, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर उपचार मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रिम्स-2 परियोजना है। और इसे एशिया के सबसे बड़े एवं आधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उनका कहना था कि उद्देश्य केवल नया भवन बनाना नहीं, बल्कि झारखंडवासियों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कांके विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि रिम्स में लगातार सुधार से लोगों का भरोसा बढ़ा है और रिम्स-2 समय की जरूरत है। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मानव संसाधन, डिजिटल हेल्थ सिस्टम और अधोसंरचना विस्तार के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रिम्स में मानव संसाधन, डिजिटल हेल्थ सिस्टम, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं अधोसंरचना के निरंतर विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियां, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं और रिम्स-2 परियोजना झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएंगी। रिम्स निदेशक प्रो. (डॉ.) डी.के. सिन्हा ने कहा कि नई नियुक्तियां और आधुनिक सुविधाएं संस्थान के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। कार्यक्रम में कई अधिकारी पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story