मंत्री ने 23 करोड़ की 50 योजनाओं का किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री ने 23 करोड़ की 50 योजनाओं का किया शिलान्यास


देवघर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मधुपुर नगर के पथरचपटी स्थित आवासीय कार्यालय में शुक्रवार को क्षेत्रीय विकास को नई गति देने के उद्देश्य से जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत वाली 50 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, महागठबंधन के पदाधिकारी और आम नागरिक उपस्थित थेे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।

वहीं शिलान्यास की गई योजनाओं में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया है। लगभग 12 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 22 स्वास्थ्य उपकेंद्र भवनों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके अलावा विधायक मद से 61 लाख रुपये की लागत से 18 योजनाओं की आधारशिला रखी गई, जिनमें सड़क निर्माण, नाली निर्माण, जलमीनार सहित अन्य आधारभूत विकास कार्य शामिल हैं। जल संसाधन विभाग की ओर से करीब 06 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से 09 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं में चेकडैम निर्माण और सिंचाई परियोजनाएं प्रमुख हैं, जो किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं देगी। इसके साथ ही मधुपुर प्रखंड स्तरीय 25 बेड के आवासीय छात्रावास का भी शिलान्यास किया गया।

मौके पर तेज नारायण वर्मा, नगर परिषद उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज, मोहम्मद ताजुद्दीन, दिनेश्वर किस्कू, शाकिर अंसारी, अल्ताफ हुसैन (बीके), फैय्याज कैसर, मोहम्मद शाहिद सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story