मंत्री इरफान ने गोल इंस्टीच्यूट के नीट में सफल छात्रों को सम्मानित किया
रांची, 23 जुलाई (हि.स.)।
गोल इंस्टीट्यूट की ओर से गुरूवार को रांची में नीट में सफल छात्रों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इंस्टी्च्यूट से नीट परीक्षा 2026 में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है, लेकिन उनका मन उन लाखों छात्रों के दर्द से भी व्यथित है। जिनके सपनों पर पेपर लीक की घटनाओं ने चोट पहुंचाई है।
उन्होंने कहा कि 28 वर्षों की अपनी गौरवशाली यात्रा में गोल इंस्टीट्यूट के18,000 विद्यार्थी नीट परीक्षा में सफल होकर आज भारत और विदेशों में चिकित्सक के रूप में मानवता की सेवा कर रहे हैं। यह किसी भी संस्थान के लिए असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के नीट परिणामों में गोल इंस्टीट्यूट का प्रदर्शन अत्यंत उत्कृष्ट रहा है।
मंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी सफलता से वंचित रह गए। उन्होंने आग्रह किया कि ऐसे बच्चों को न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रभावी पहल करे, ताकि मेहनत करने वाले किसी भी विद्यार्थी का भविष्य बर्बाद न हो।
अंसारी ने कहा कि वे छात्रों और अभिभावकों की इस पीड़ा को पूरी गंभीरता से समझते हैं। युवाओं के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य में चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस एवं पीजी सीटों की संख्या बढ़ाई जा रही है ताकि राज्य के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध हो सके। वर्षों तक झारखंड की चिकित्सा शिक्षा की उपेक्षा हुई, लेकिन अब महागठबंधन सरकार इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खालखो, गोल इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बिपिन कुमार सिंह, रांची विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ ए. एन. शाहदेव, सेंट जेवियर्स इंटरमीडिएट कॉलेज, रांची के प्राचार्य फादर अजय अनिल तिर्की, रिम्स फिजियोलॉजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ शिशिर कुमार, पैनेसिया हॉस्पिटल, रांची के निदेशक डॉ. प्रशांत कुमार सहित बड़ी संख्या में नीट में सफल छात्र-छात्राएं सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

