रामगढ़ में खनन विभाग ने बालू लदा ट्रैक्टर किया जब्त

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में खनन विभाग ने बालू लदा ट्रैक्टर किया जब्त


रामगढ़, 23 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अनाधिकृत परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं खनन विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कार्रवाई करते हुए पतरातु थाना क्षेत्र के ग्राम सांकुल के समीप बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।

खनन विभाग के इंस्पेक्टर द्वारा की गई जांच के दौरान ट्रैक्टर (पंजीयन संख्या जेएच 23 बीबी 5996) में लगभग 100 घनफीट बालू लदा पाया गया। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि उक्त बालू के परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान उपलब्ध नहीं था।

प्राथमिक जांच में यह पाया गया कि ट्रैक्टर मालिक एवं अज्ञात चालक द्वारा अवैध रूप से बालू का उठाव कर उसका परिवहन किया जा रहा था, जो खनन नियमों का उल्लंघन है। इसके बाद खनन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर और उस पर लदे बालू को जब्त कर लिया। साथ ही वाहन मालिक एवं अज्ञात चालक के विरुद्ध संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story