मिनी गन फैक्ट्री खुलासा, चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मिनी गन फैक्ट्री खुलासा, चार गिरफ्तार


मिनी गन फैक्ट्री खुलासा, चार गिरफ्तार


मिनी गन फैक्ट्री खुलासा, चार गिरफ्तार




बोकारो, 13 मई (हि.स.)। पुलिस और एसटीएफ पटना (बिहार) की संयुक्त कार्रवाई में बेरमो थाना क्षेत्र के सुभाषनगर स्थित सीसीएल क्वार्टर में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि फैक्ट्री का संचालक राजकुमार सिंह उर्फ बंटी फरार होने में सफल रहा।

इस संबंध में बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने गुप्त सूचना के आधार पर सुभाषनगर स्थित सीसीएल क्वार्टर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान राजकुमार सिंह उर्फ बंटी के घर में अवैध रूप से देशी हथियार बनाने का कार्य चल रहा था।

मौके से पुलिस ने उस्मान अंसारी उर्फ अरमान (देवघर), मो. रिजवान, मो. इम्तियाज तथा संजय कुमार साव उर्फ संजय कुमार गुप्ता (तीनों मुंगेर, बिहार निवासी) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से अवैध देशी हथियार बनाने और विभिन्न राज्यों में सप्लाई करने का काम करते थे।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपित पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात जिंदा कारतूस, छह अर्धनिर्मित पिस्टल बॉडी, छह स्लाइडर, छह पिस्टल पिठिया, 20 अर्धनिर्मित बैरल सहित भारी मात्रा में हथियार निर्माण सामग्री बरामद की। इसके अलावा लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, ड्रिल मशीन, मोटर ग्राइंडर, विभिन्न प्रकार के कटर, ड्रिल बिट, लोहे के पट्टे, रिंच, वर्नियर सहित हथियार निर्माण में प्रयुक्त कई उपकरण जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से छह हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

प्रेसवार्ता में बताया गया कि गिरफ्तार आरोपित उस्मान अंसारी पर देवघर और मधुपुर क्षेत्र में आर्म्स एक्ट, हत्या और लूट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं मो. रिजवान के खिलाफ मुंगेर और पटना के विभिन्न थानों में कई आपराधिक कांड दर्ज हैं। मो. इम्तियाज पूर्व में अवैध हथियार निर्माण मामले में जेल जा चुका है। संजय कुमार साव उर्फ संजय कुमार गुप्ता के खिलाफ भी बिहार के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपित राजकुमार सिंह उर्फ बंटी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही अवैध हथियार निर्माण एवं सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story