रांची में मारवाड़ी सम्मेलन ने 145 मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
रांची में मारवाड़ी सम्मेलन ने 145 मेधावी छात्रों को किया सम्मानित


रांची, 06 जून (हि.स.)। रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के तत्वावधान में शनिवार को हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 145 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम, विनम्रता, आत्मविश्वास, धैर्य और दृढ़ संकल्प ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सम्मेलन के अध्यक्ष सज्जन पाड़िया ने जानकारी दी कि समारोह में सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 125 विद्यार्थियों को सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही एमबीए, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, पीएचडी, जेईटी तथा खेल और योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले 20 युवाओं को भी सम्मानित किया गया।

सम्मानित विद्यार्थियों को मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र, पुस्तक एवं पुष्पगुच्छ प्रदान किए गए।

इस अवसर पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन, समाजसेवी अधिवक्ता आनंद पासारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story