सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं को मिला सम्मान
रांची, 21 जुलाई (हि.स.)। डोरंडा बालिका उच्च विद्यालय में मंगलवार को वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025–26 की मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। मौके पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को आकर्षक बना दिया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आरती झा और विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव घेवर चंद नाहटा ने छात्राओं को बधाई देते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समारोह में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नगद पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा सफल छात्राओं को स्मृति-चिह्न, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी विशेष पुरस्कार दिए गए। अंग्रेजी विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को मीनू दास गुप्ता स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि गणित विषय में 100 में 100 अंक हासिल करने वाली दो छात्राओं को 2,500-2,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष सुभाष चंद बोथरा, उपाध्यक्ष संपत लाल रामपुरिया, समिति के सदस्य, पूर्व प्रधानाध्यापिका, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और छात्राएं मौजूद थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

