रांची के धुर्वा में शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण, छात्रों के समग्र विकास पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
रांची के धुर्वा में शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण, छात्रों के समग्र विकास पर जोर


रांची के धुर्वा में शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण, छात्रों के समग्र विकास पर जोर


रांची, 05 अप्रैल (हि.स.)। रांची के धुर्वा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रविवार को छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य ललन कुमार के मार्गदर्शन में हुआ।

इस अवसर पर शिक्षकों को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, तनाव प्रबंधन और विद्यालय में सकारात्मक वातावरण के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में व्यवहारिक पहलुओं पर विशेष जोर दिया गया, ताकि शिक्षक छात्रों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझकर उन्हें सही दिशा प्रदान कर सकें।

प्राचार्य ललन कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों को नई सोच और दृष्टिकोण देते हैं, जिससे विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के निर्माण में मदद मिलती है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने और उन्हें सहयोग देने की अपील की।

कार्यक्रम में सुरेन्द्रनाथ सेंटेनरी पब्लिक स्कूल के उप-प्राचार्य प्रसेनजीत हाजरा एवं गोविंद राम कटारुका पब्लिक स्कूल के पीजीटी उत्तम कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में 60 से अधिक शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की और इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story