विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर सदमा पंचायत में जागरूकता अभियान, बच्चों को खुलकर बात रखने का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर सदमा पंचायत में जागरूकता अभियान, बच्चों को खुलकर बात रखने का संदेश


-प्रभात फेरी के जरिए किशोर-किशोरियों को मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और शारीरिक बदलावों के प्रति किया जागरूक

रांची, 10 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को रांची जिले की सदमा पंचायत में जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय होचय और एंजल गार्डन पब्लिक स्कूल, सदमा में कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रभात फेरी के माध्यम से किशोर-किशोरियों को मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान बच्चों को बताया गया कि मन में किसी तरह की परेशानी, चिंता या तनाव होने पर उसे छिपाने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों या भरोसेमंद लोगों से खुलकर बात करनी चाहिए। उन्हें गुड टच और बैड टच के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपने प्रति होने वाले अनुचित व्यवहार को पहचान सकें और जरूरत पड़ने पर मदद मांग सकें।

कार्यक्रम में किशोर लड़कों में होने वाले शारीरिक बदलावों के बारे में भी समझाया गया। इसमें आवाज भारी होना, मूंछ आना, छाती का चौड़ा होना और कंठ का उभरना जैसे बदलाव शामिल थे। बच्चों को बताया गया कि किशोरावस्था में इस तरह के परिवर्तन स्वाभाविक हैं और इन्हें लेकर झिझकने या परेशान होने की जरूरत नहीं है।

प्रभात फेरी के दौरान बच्चों ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले नारे लगाए। इनमें ‘मन की बात बोलेंगे, डर का पर्दा खोलेंगे’, ‘बात करने से ही बात बनती है’, ‘परीक्षा का तनाव भगाओ, खुलकर मुस्कुराना सीखो’ और ‘आओ मिलकर कहें, मानसिक स्वास्थ्य है सबका अधिकार’ जैसे नारे शामिल रहे।

अभियान को सफल बनाने में जेएसएलपीएस की जी-सीआरपी दीदियों अनिता देवी, मनिता देवी, मतिया उरांव और पुष्पा देवी के साथ समाजसेवी राजकुमार प्रजापति ने सहयोग किया।

इस अवसर पर सदमा पंचायत के मुखिया सुनील उरांव, एंजल गार्डन पब्लिक स्कूल के सुरेंद्र उरांव, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रकाश, जीत मोह, उमा देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story