गणेश चतुर्थी के आयोजन को लेकर उपायुक्त से पूजा समितियों ने की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
गणेश चतुर्थी के आयोजन को लेकर उपायुक्त से पूजा समितियों ने की मुलाकात


गणेश चतुर्थी के आयोजन को लेकर उपायुक्त से पूजा समितियों ने की मुलाकात


रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। आगामी गणेश चतुर्थी के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विभिन्न गणेश पूजा समितियों के सदस्यों ने बुधवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की।

इस दौरान पूजा समितियों की ओर से पर्व के दौरान आवश्यक प्रशासनिक एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया गया।

उपायुक्त ने पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के सफल आयोजन में पूजा समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी समितियां प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार का आयोजन सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने मूर्ति विसर्जन के दौरान संबंधित थाना के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि विसर्जन प्रक्रिया सुचारू एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

उन्होंने पूजा समितियों को ध्वनि प्रदूषण से संबंधित निर्धारित मानकों और नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों और आम नागरिकों से मिल-जुलकर गणेश चतुर्थी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

पूजा समितियों की ओर से उपायुक्त और प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

मौके पर शांति समिति के सदस्य सागर कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story