मतदान केंद्रों पर 10 अक्टूबर को लगेगा मेगा हेल्प डेस्क, 12-16 तक विशेष अभियान

WhatsApp Channel Join Now
मतदान केंद्रों पर 10 अक्टूबर को लगेगा मेगा हेल्प डेस्क, 12-16 तक विशेष अभियान


रांची , 08 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड में एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग विशेष अभियान चलाएगा। 10 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क लगाए जाएंगे।

इसके बाद 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के सामाजिक सुरक्षा एवं समाज कल्याण पदाधिकारियों और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने एसआईआर के तहत लंबित मामलों, नो मैपिंग और विसंगतियों से जुड़े मामलों में पात्र नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

के. रवि कुमार ने निर्देश दिया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर 10 अक्टूबर को लगने वाले मेगा हेल्प डेस्क में बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इससे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अपने क्षेत्र के मतदाताओं को नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में मदद कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की सहायता की जरूरत होने पर बीएलए-2 संबंधित मामलों को बीएलओ के साथ बैठक में उठाएं। इससे आवश्यक समन्वय कर समस्याओं का समाधान किया जा सकेगा।

विशेष आउटरीच अभियान के दौरान बीएलओ और संबंधित अधिकारी बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर, सेक्स वर्कर और अन्य कमजोर एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक पहुंचेंगे। उन्हें आवश्यक दस्तावेज, सत्यापन और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने वृद्धाश्रम, आश्रयगृह, शक्ति सदन, अनाथालय और अन्य संस्थानों में रहने वाले पात्र नागरिकों तक भी पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जानकारी या सहयोग की कमी के कारण कोई पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए।

निर्वाचन विभाग और जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया है। जरूरतमंद पात्र नागरिकों को आवश्यक प्रमाण-पत्र, घोषणा-पत्र और अन्य प्रक्रियाओं में सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जाना है कि कोई पात्र भारतीय नागरिक सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र या विदेशी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर सहित विभिन्न जिलों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story