श्रावणी मेला में आमरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं देना प्राथमिकता : उपायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला में आमरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं देना प्राथमिकता : उपायुक्त


खूंटी, 11 जुलाई (हि.स.)। राज्य के दूसरे बाबा धाम के रूप में विख्यात बाबा आमरेश्वर धाम में 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले श्रावणी मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर स्थित सभागार में बाबा धाम प्रबंध समिति और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, एसडीपीओ, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा प्रबंध समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव, महामंत्री मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

उपायुक्त ने कहा कि श्रावण माह में आम्रेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलार्पण के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

बैठक में मंदिर परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल एवं स्थायी शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती, स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति, सड़क मरम्मत, पार्किंग, स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, पारा मेडिकल टीम और अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग को मंदिर मार्ग और आसपास की सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई और आवश्यकतानुसार सड़क मरम्मत कराने का निर्देश दिया। वहीं बनई नदी और मंदिर परिसर स्थित तालाब के समीप गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक में ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग, साइनेज, एलईडी स्क्रीन, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मंदिर प्रबंधन समिति को सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह सक्रिय रखने, श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था बनाने और स्वयंसेवकों को सक्रिय रखने के निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग होगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की।

बैठक के बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों से श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Share this story