दिशा की बैठक में सांसद का सख्त रवैया, काम में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

WhatsApp Channel Join Now
दिशा की बैठक में सांसद का सख्त रवैया, काम में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त


दिशा की बैठक में सांसद का सख्त रवैया, काम में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त


रामगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले में विकास योजनाओं को लेकर जिला प्रशासन की लापरवाही अब उजागर हो रही है। सांसद मनीष जायसवाल ने बुधवार को दिशा की बैठक में इन लापरवाहियों को उजागर किया। उन्होंने सख्त रवैया अपनाते हुए अधिकारियों को सही कार्य करने का निर्देश दिया। सांसद ने बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही, देरी और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, उपायुक्त ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने जिले में बंद पड़ी और अनियमित जलापूर्ति योजनाओं पर नाराजगी जताते हुए उनके कारणों का पता लगाने और तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सदर अस्पताल रामगढ़ में सीटी स्कैन सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सांसद ने सभी सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने और जिले की सभी एंबुलेंस का प्रभावी संचालन कर जरूरतमंद मरीजों को समय पर सेवा उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में जिले में लगातार हो रही औद्योगिक दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने कारखाना निरीक्षक और श्रम अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया।

दिव्यांगजनों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए सांसद ने प्रतिवर्ष लगभग 300 से 400 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने पर जोर दिया।

जिला आपूर्ति विभाग को अभियान चलाकर अयोग्य राशन कार्डधारियों की पहचान करने और नियमानुसार उनके नाम हटाकर योग्य और जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ऋतुराज की पहल पर शुरू की गई संगम परियोजना की बैठक में सराहना की गई। इसके तहत जिले की औद्योगिक इकाइयों की जरूरतों के अनुरूप स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की योजना है। सांसद और विधायकों ने इस पहल को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने पर जोर दिया।

शिक्षा विभाग को सभी सरकारी विद्यालयों में चहारदीवारी और बेंच-डेस्क की उपलब्धता का आकलन कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।

सांसद ने सभी विभागीय अधिकारियों को विकास योजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास और परिसंपत्ति वितरण जैसे कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सीएसआर के माध्यम से जिले के विकास को गति देने और स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान पर भी चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि विकास योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोपरि होनी चाहिए। जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित होना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779391 Articles

Share this story