श्री महावीर मंडल की केंद्रीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न, रामनवमी महोत्सव 2025 की सफलता की समीक्षा
रांची, 16 जनवरी (हि.स.)। राजधानी रांची में श्री महावीर मंडल, केंद्रीय समिति की कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को मंडल के अध्यक्ष जय सिंह यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2025–26 में आयोजित श्री रामनवमी महोत्सव की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि सभी के सहयोग से वर्ष 2025 में श्री रामनवमी महोत्सव पूरे राज्य में भव्य, अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में राज्यभर के अखाड़ाधारियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय श्री महावीर मंडल के सभी अखाड़ाधारियों, पदाधिकारियों, भगवान श्रीराम के भक्तों के साथ-साथ जिला प्रशासन एवं नगर प्रशासन को देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंत्री सुभाष साहू ने रामनवमी महोत्सव के दौरान किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और आगामी वर्षों में आयोजन को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे, जिन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नए सत्र 2026–27 के लिए श्री महावीर मंडल के चुनाव को लेकर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही संस्था के आय-व्यय से संबंधित विषयों पर भी विचार किया गया। अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि संस्था से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए और पुराने सदस्य भी श्री रामनवमी महोत्सव के दौरान मंडल को अपना भरपूर सहयोग दें, जिससे आयोजन को और अधिक भव्य बनाया जा सके।
बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने दही, चूड़ा और तिलकुट का प्रसाद ग्रहण किया।
बैठक का संचालन मंडल के मंत्री सुभाष साहू ने किया। बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष जय सिंह यादव ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में अध्यक्ष जय सिंह यादव, मंत्री सुभाष साहू, कोषाध्यक्ष प्रमोद सारस्वत, उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, राहुल सिन्हा (चंकी), उदय रविदास, संतोष गुप्ता, बलराम प्रसाद, दीपक ओझा, प्रेम सिंह, बिंदुल वर्मा, राजू यादव, प्रमोद श्रीवास्तव, राकेश सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

