आईएमवीएसएसएल के वार्षिक फेट और प्रदर्शनी को लेकर 20 जुलाई को होगी बैठक

WhatsApp Channel Join Now

रांची, 18 जुलाई (हि.स.)। इस्पात महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड (आईएमवीएसएसएल), श्यामली कॉलोनी की ओर से आयोजित होने वाले वार्षिक फेट, प्रदर्शनी एवं बिक्री मेले की तैयारियों को लेकर 20 जुलाई को श्यामली कॉलोनी में विचार-विमर्श बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक के दौरान आयोजन की रूपरेखा, तैयारियों और कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

मेकॉन लिमिटेड की कार्यभार प्रभारित महाप्रबंधक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) सीमांतिनी साहू ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि समिति वर्षों से सामाजिक सरोकार, महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन करती आ रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी वार्षिक फेट, प्रदर्शनी और बिक्री मेले का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल मनोरंजन या खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों तथा लघु उद्यमों को मंच उपलब्ध कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। मेले में विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्प उत्पाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, पारंपरिक एवं आधुनिक परिधान, सजावटी सामान, खाद्य सामग्री और अन्य उपयोगी उत्पाद प्रदर्शित एवं बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

सीमांतिनी साहू ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने बताया कि आगामी बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रतिभागियों की भागीदारी, स्टॉल आवंटन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जाएगा।

समिति ने सभी सदस्यों और आयोजन से जुड़े लोगों से बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव देने और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story