अतिक्रमण पर कार्रवाई, निगम ने अवैध कब्जे को हटाया
रांची, 22 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम ने अभियान चलाया। वार्ड-16 के मौजा कोनका स्थित कर्बला चौक से बहुबाजार मार्ग के पास सरकारी जमीन और सड़क फ्लैंक पर किए गए अवैध कब्जे हटाए गए। अभियान के दौरान करीब 14 दुकानों, गुमटियों, अवैध मीट दुकानों, शेड और अन्य अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया।
बिना अनुमति दुकानें और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान जर्जर बाउंड्री वॉल भी हटाई गई।
नगर निगम ने कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को आम सूचना जारी कर सरकारी जमीन से तीन दिनों के भीतर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया था। तय समय में कब्जा नहीं हटाने पर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई थी।
निगम ने स्पष्ट किया कि सक्षम प्राधिकार की अनुमति के बिना सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर दुकानें, फल-सब्जी बाजार या अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान संबंधित लोगों को भविष्य में सरकारी जमीन, सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण नहीं करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम ने कहा कि शहर में सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने, यातायात सुचारू बनाने और आम नागरिकों के आवागमन को आसान करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

