भारतीय एकता कमेटी के अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने किया मतदान, सौहार्द बनाए रखने की अपील
रांची, 23 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय एकता कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने सोमवार को नगर निकाय चुनाव के दौरान बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के बाद उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत और हार अपनी जगह होती है, लेकिन समाज में आपसी संबंध और सौहार्द बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रांची नगर निकाय चुनाव में सकारात्मक माहौल देखने को मिला है और चुनावी प्रतिस्पर्धा का व्यक्तिगत रिश्तों पर प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए।
गुलाम मुस्तफा ने कहा कि मतदान को लोकतांत्रिक कर्तव्य के रूप में देखना चाहिए। तभी स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे सोच-समझकर अपने प्रतिनिधि का चयन करें और क्षेत्र के समग्र विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

