जसीडीह रेलवे स्टेशन के बाहर अवैध पार्किंग शुल्क वसूली पर मेयर सख्त

WhatsApp Channel Join Now
जसीडीह रेलवे स्टेशन के बाहर अवैध पार्किंग शुल्क वसूली पर मेयर सख्त


देवघर, 18 नवंबर (हि.स.)। जसीडीह रेलवे जंक्शन के बाहर नगर निगम क्षेत्र में कथित अवैध पार्किंग शुल्क वसूली के मामले को देवघर नगर निगम ने गंभीरता से लिया है। इसको लेकर बुधवार को विभागीय पदाधिकारियों एवं संबंधित पक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम के मेयर रवि राउत, वार्ड संख्या एक के पार्षद संदीप कुमार, स्टेशन प्रबंधक, आरपीएफ प्रभारी तथा ऑटो एवं टोटो यूनियन के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान रेलवे परिसर के बाहर नगर निगम क्षेत्र में रेलवे के संवेदक एवं उनके एजेंटों की ओर से कथित रूप से की जा रही अवैध पार्किंग शुल्क वसूली के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रेलवे संवेदक अपनी निर्धारित रेलवे परिसीमा के भीतर ही पार्किंग शुल्क की वसूली करें। नगर निगम क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि रेलवे संवेदक को इस संबंध में कड़ी चेतावनी दी जाएगी। साथ ही संवेदक को अपने सभी अधिकृत एजेंटों को पहचान पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके और अनधिकृत लोगों की ओर से वसूली पर रोक लगाई जा सके।

वहीं, पार्किंग शुल्क वसूली में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन से ऑटोमैटिक पार्किंग टिकट व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया गया। इससे वाहन चालकों को निर्धारित शुल्क की जानकारी मिलेगी और मनमानी वसूली की शिकायतों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

महापौर ने दो टूक कहा कि नगर निगम क्षेत्र में अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूलने वालों के विरुद्ध देवघर नगर निगम की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों, ऑटो एवं टोटो चालकों को अनावश्यक परेशान करने और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। बैठक के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल से जसीडीह स्टेशन के बाहर पार्किंग शुल्क वसूली को लेकर लंबे समय से उठ रहे विवाद पर लगाम लगेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story