रांची में मुख्यमंत्री से मिलीं मानगो की नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
रांची में मुख्यमंत्री से मिलीं मानगो की नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता


रांची, 02 मार्च। जमशदपुर के मानगो नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर सुधा गुप्ता ने मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन को पुष्पगुच्छ भेंट कर मानगो की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। प्रचंड जीत के बाद विधायक कल्पना सोरेन ने सुधा गुप्ता और बन्ना गुप्ता का मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं दीं।

सुधा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि यह जीत मानगो की जागरूक जनता, माताओं-बहनों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के विश्वास एवं समर्थन की जीत है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुधा गुप्ता को जीत की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार नगर निकायों के सशक्तिकरण और शहरी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मानगो के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुलाकात के दौरान सुधा गुप्ता ने मानगो क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं-पेयजल संकट और कचरा निस्तारण सहित अन्य विकास योजनाओं का विस्तृत प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और शीघ्र क्रियान्वयन के लिए सहयोग का आग्रह किया। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया।

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सुरक्षित, स्वच्छ, समृद्ध और विकसित मानगो का निर्माण ही लक्ष्य है और राज्य सरकार के मार्गदर्शन में तेजी से कार्य किया जाएगा।

अंत में सुधा गुप्ता ने कहा कि यह जीत जिम्मेदारी और सेवा का अवसर है तथा वे मानगो की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story