महापौर ने छह प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण
रांची, 03 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न छठ घाटों पर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में महापौर रोशनी खलखो ने निगम के पदाधिकारियों के साथ शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान महापौर ने बनस तालाब, नायक छठ तालाब, चंबोधा तालाब, स्वर्णरेखा छठ घाट, कमलू तालाब एवं पावर हाउस छठ तालाब का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा निगम की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निगम की ओर से संचालित सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए छठ महापर्व तक सभी घाटों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में लगातार विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा के दृष्टिकोण से मजबूत घेराबंदी तथा श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधाओं से संबंधित सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
महापौर ने ये दिये निर्देश
- सभी छठ घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर छठ महापर्व तक निरंतर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।
- व्रती माताओं एवं बहनों की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए सभी छठ घाटों पर पर्याप्त चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- गहरे पानी वाले क्षेत्रों में मजबूत बैरिकेडिंग एवं घेराबंदी की जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका न रहे।
- सभी घाटों एवं पहुंच पथों पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- छठ पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
महापौर ने निगम की टीम को निर्देश दिया कि छठ महापर्व तक सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि रांची नगर निगम का प्रयास है कि लोक आस्था के इस महापर्व पर शहर के सभी छठ घाट स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रहें तथा व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के क्रम में वार्ड संख्या 13 के पार्षद पवन तिर्की, वार्ड संख्या 14 की पार्षद अंजू देवी, वार्ड संख्या 46 की पार्षद आरती कुमारी, निगम के पदाधिकारी एवं विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

