मेयर ने सेवा सदन पथ और बड़ा तालाब क्षेत्र में जल-जमाव के समाधान का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मेयर ने सेवा सदन पथ और बड़ा तालाब क्षेत्र में जल-जमाव के समाधान का दिया निर्देश


रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची के सेवा सदन पथ और बड़ा तालाब क्षेत्र में प्रतिवर्ष होनेवाले जल-जमाव की गंभीर समस्या को लेकर झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के आग्रह पर बुधवार को रांची नगर निगम की मेयर रौशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने निगम की टीम के साथ उक्त क्षेत्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आनेवाले दिनों में मानसून को देखते हुए जल-जमाव की समस्या पर चिंता व्यक्त की गई। मेयर ने निगम के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मौके पर यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही इंजीनियरिंग टीम के साथ एसटीपी और बड़ा तालाब क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा, जिससे समस्या के स्थायी समाधान हो सके।

जल-जमाव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोग और व्यवसायियों ने मेयर को बताया कि बरसात में जल-जमाव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे दैनिक जीवन एवं व्यापारिक गतिविधियों पर गंभीर प्रभाव पड़ता है और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह शहर का एक अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां नागरमल मोदी सेवा सदन जैसे प्रमुख अस्पताल के साथ-साथ अनेक दुकानें, धर्मशालाएं एवं आवासीय परिसर स्थित हैं। प्रत्येक वर्ष बरसात के समय इस क्षेत्र में जल-जमाव के कारण आवागमन बाधित हो जाता है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

वहीं महासचिव रोहित अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि नगर निगम की ओर से समस्या के स्थाई समाधान के लिए शीघ्र और प्रभावी कदम उठाया जायेगा।

मौके पर चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी, सिविक अमेनिटीज़ उप समिति के चेयरमैन अमित किशोर सहित सदस्यगण गौरव अग्रवाल, संजीव चितलंगिया, अशोक पुरोहित, प्रदीप बंका और संजय बांका के साथ-साथ क्षेत्र के कई व्यवसायी और आम लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story