शून्य अपशिष्ट वार्ड बनाने की परिकल्पना का मेयर ने किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
शून्य अपशिष्ट वार्ड बनाने की परिकल्पना का मेयर ने किया आह्वान


रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर बुधवार को चार दिवसीय प्रशिक्षण और क्षमता संवर्धन कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर रांची को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त शहर बनाने के लिए मेयर रोशनी खलखो ने सभी वार्डों में शून्य अपशिष्ट और आत्मनिर्भर वार्ड की परिकल्पना को साकार करने का आह्वान किया है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की इम्पैनल्ड एजेंसी फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से आयोजित कार्यशाला में उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है। इसके लिए नगर निगम के साथ पार्षदों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। कार्यशाला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026, घरों से कचरा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, चार-बिन व्यवस्था, वैज्ञानिक प्रसंस्करण, रिसोर्स रिकवरी और सैनिटरी लैंडफिल जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

नगर आयुक्त ने कहा कि कचरे का उचित संग्रहण, पृथक्करण और निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए वार्ड स्तर पर निगरानी और जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने नागरिकों से घरों में ही गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की अपील की। कार्यशाला का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आधुनिक कचरा प्रबंधन की तकनीक एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराना है।

कार्यशाला में महापौर, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, वार्ड पार्षद एवं निगम के अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story