महिला से छेड़खानी मामले में मौलाना गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
महिला से छेड़खानी मामले में मौलाना गिरफ्तार


रामगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। महिला से कथित यौन उत्पीड़न, पीछा करने, अभद्र व्यवहार और आपराधिक धमकी देने के मामले में रामगढ़ जिले की भुरकुंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने नामजद आराेपित मो. जावेद को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार आराेपित मो. जावेद, पिता मो. फरीद, के खिलाफ भुरकुंडा थाना कांड संख्या 288/26 दर्ज है। बरकाकाना ओपी क्षेत्र की रेखा देवी (बदला हुआ नाम) ने पूरी घटना पुलिस को बताई। यहां तक कि उसने मौलाना के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस के साथ साझा की है।

एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस की धारा 75(2), 78(2), 79, 351(2) एवं 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में महिला के साथ कथित तौर पर अनुचित शारीरिक संपर्क बनाने, यौन संबंध के लिए दबाव डालने, लगातार पीछा करने तथा उसकी इच्छा के विरुद्ध संपर्क स्थापित करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

इसके अलावा आराेपित पर महिला की गरिमा और मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों, इशारों अथवा अशोभनीय व्यवहार करने का भी आरोप है। प्राथमिकी में आपराधिक धमकी देने और जानबूझकर अपमानित करने से संबंधित आरोप भी दर्ज हैं। पुलिस मामले को महिला की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला मानकर कार्रवाई में जुटी थी।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख का संदेश गया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आराेपित को न्यायिक हिरासत में रामगढ़ जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773620 Articles

Share this story