मकान में भीषण विस्फोट, परिवार सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
मकान में भीषण विस्फोट, परिवार सुरक्षित


मकान में भीषण विस्फोट, परिवार सुरक्षित


बोकारो, 18 अक्टूबर (हि.स.)। बोकारो के बारी को-ऑपरेटिव स्थित प्लॉट नंबर 95 में रविवार के तड़के सुबह दो मंजिला मकान में जोरदार विस्फोट हो गया।

धमाके की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट इतना तेज था कि मकान के दो कमरे, रसोईघर, बाथरूम, दरवाजे, खिड़कियां और बाउंड्री वॉल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घर में रखा सामान भी नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि मकान में रहने वाले सभी नौ परिवार सुरक्षित हैं। घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान अनिल कुमार झा का है। मकान में रहने वाले बबलू झा के अनुसार, विस्फोट से घर के कई हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के समय पांच परिवार मकान के निचले हिस्से में सो रहे थे। अचानक हुए धमाके से लोग घबरा गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, विस्फोट में करीब 40 लाख रुपये तक की संपत्ति का नुकसान होने की आशंका है।

हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन विस्तृत निरीक्षण के बाद ही हो सकेगा।विस्फोट के बाद घटना के कारणों को लेकर कई तरह की चर्चा हो रही है।

शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि इंडियन ऑयल की पीएनजी गैस पाइपलाइन में लीकेज के कारण धमाका हुआ हो सकता है।

हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विस्फोट की तीव्रता को देखते हुए घटना के कारणों की तकनीकी जांच आवश्यक है।

गैस रिसाव के अलावा अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जरूरत है। फिलहाल विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।

तकनीकी निरीक्षण और जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि धमाका किन परिस्थितियों में हुआ। इस घटना में नौ परिवारों का सुरक्षित बचना बड़ी राहत की बात है।

सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763187 Articles

Share this story