मारवाड़ी सम्मेलन की राष्ट्रीय बैठक में झारखंड की उपलब्धियों की सराहना, सदस्यता अभियान में बना अव्वल

WhatsApp Channel Join Now
मारवाड़ी सम्मेलन की राष्ट्रीय बैठक में झारखंड की उपलब्धियों की सराहना, सदस्यता अभियान में बना अव्वल


रांची, 20 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति (सत्र 2025–27) की द्वितीय बैठक सोमवार को कोलकाता स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय महामंत्री केदारनाथ गुप्ता ने किया। यह जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

उन्होंने बताया कि बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सर्राफ, झारखंड के प्रांतीय उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य संतोष कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न राज्यों के अध्यक्ष, महामंत्री और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के दौरान झारखंड प्रांत की ओर से प्रांतीय उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने सदस्यता अभियान में मिली सफलता, सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों, ‘मारवाड़ महोत्सव’ जैसे भव्य आयोजनों और समाज सेवा कोष जैसी जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी साझा की।

विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा कि देशभर में चल रहे सदस्यता अभियान में झारखंड प्रांत ने 876 नए सदस्य जोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से झारखंड की सराहना की और बधाई दी।

बैठक में समाज के जनप्रतिनिधियों के सम्मान, महापंचायत गठन की प्रक्रिया और हाल ही में आयोजित ‘संस्कार एवं शुचिता’ विषयक संगोष्ठी पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त, 17 से 19 मई तक पूर्वी सिंहभूम जिले में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजस्थान महोत्सव के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया गया। साथ ही झारखंड प्रांत की ओर से आगामी एआईसी बैठक राज्य में आयोजित करने के लिए भी केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों को न्योता दिया गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story