मारवाड़ी महिला सम्मेलन के समर कैंप में छात्राओं ने लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
मारवाड़ी महिला सम्मेलन के समर कैंप में छात्राओं ने लिया हिस्सा


रांची, 02 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रांची शाखा की ओर से शिवनारायण मारवाड़ी कन्या मध्य पाठशाला में मंगलवार को पांच दिवसीय निःशुल्क समर कैंप का शुभारंभ किया गया। छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मक प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कैंप में पहले दिन कक्षा छठी, सातवीं और आठवीं की 85 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय बाल विकास प्रमुख रूपा अग्रवाल, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीना ओझा और सुनीता ओझा ने संयुक्त रूप से गणेश वंदना, सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन कर की। यह समर कैंप 2 जून से 6 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें छात्राओं के लिए विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर रांची शाखा की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन द्वारा आयोजित यह 13वां समर कैंप है, जिसके माध्यम से छात्राओं की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

राष्ट्रीय बाल विकास प्रमुख रूपा अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और नई-नई विधाओं को सीख सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने तथा उनमें अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं।

कैंप के पहले दिन विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। बेबी शर्मा ने छात्राओं को योग का प्रशिक्षण दिया, जबकि मीतू विजयवर्गीय ने नृत्य की बारीकियों से परिचित कराया। इसके अलावा सम्मेलन की सदस्यों ने एनवेलप मेकिंग और चित्रकला की गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को रचनात्मक कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्राओं को ड्राइंग कॉपी, रंग, पेंसिल, इरेजर, शार्पनर, टॉफी, बिस्कुट और अन्य स्नैक्स वितरित किए गए। छात्राओं ने पूरे उत्साह और रुचि के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया तथा आगामी दिनों में आयोजित होने वाले सत्रों को लेकर भी उत्सुकता जताई।

कार्यक्रम का संचालन रीता केडिया ने किया, जबकि बबीता नारसरिया ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस अवसर पर नैना मोर, रेखा जैन, बीना बुबना, अर्चना अग्रवाल, पूनम टेकरीवाल, स्वर्ण जैन, चंदा सिंघल सहित सम्मेलन की अनेक सदस्याएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। ----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story