झारखंड मारवाड़ी विकास परिषद के गठन की मांग पर मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड मारवाड़ी विकास परिषद के गठन की मांग पर मुख्यमंत्री को भेजा पत्र


रांची, 24 सितंबर (हि.स.)। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने झारखंड में झारखंड मारवाड़ी विकास परिषद के गठन की मांग को लेकर गुरूवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजा है।

सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में मारवाड़ी समाज के सर्वांगीण विकास के साथ समाज की सभ्यता, संस्कृति, भाषा और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए परिषद के गठन की मांग की है।

सुरेश चंद्र अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से परिषद के गठन की घोषणा करने और इसकी आवश्यक नियमावली एवं संरचना निर्धारित करने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया है।

पत्र में कहा गया है कि झारखंड के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास में मारवाड़ी समाज का लंबे समय से योगदान रहा है। व्यापार और उद्योग के अलावा शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा, धार्मिक और परोपकारी कार्यों में भी समाज की भूमिका रही है।

सम्मेलन के अनुसार प्रस्तावित परिषद के माध्यम से मारवाड़ी भाषा, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए सामाजिक सहायता के कार्य किए जा सकते हैं।

इसके अलावा महिला सशक्तिकरण, युवाओं के विकास, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के दस्तावेजीकरण, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और सरकार एवं सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story