चांडिल में 85 लाख की डकैती पर मारवाड़ी सम्मेलन ने जताई चिंता, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग

WhatsApp Channel Join Now
चांडिल में 85 लाख की डकैती पर मारवाड़ी सम्मेलन ने जताई चिंता, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग


रांची, 17 अक्टूबर (हि.स.)। चांडिल निवासी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्य सुरेश कुमार चौधरी के आवास पर करीब 85 लाख रुपये की डकैती की घटना पर सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से झारखंड के पुलिस महानिदेशक से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने, सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा लूटे गए गहनों और नकदी की बरामदगी की मांग की।

सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि रात के समय घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बनाना और लाखों रुपये के गहने व नकदी लूटकर फरार हो जाना गंभीर घटना है। इससे पीड़ित परिवार सदमे में है। ऐसी वारदातों से आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ती है।

सुरेश चंद्र अग्रवाल ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों के पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने और डकैती में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चांडिल सहित राज्य के संवेदनशील क्षेत्रों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है।

अग्रवाल ने कहा कि नागरिकों के जीवन और संपत्ति की रक्षा करना पुलिस प्रशासन का सर्वोपरि दायित्व है। ऐसी घटनाओं में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि अपराधियों में कानून का भय और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन जल्द कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगा।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762776 Articles

Share this story