मारवाड़ी युवा मंच ने लगाए दो वाटर कूलर फ्रीजर,गर्मी से राहत

WhatsApp Channel Join Now
मारवाड़ी युवा मंच ने लगाए दो वाटर कूलर फ्रीजर,गर्मी से राहत


रांची, 16 मई (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा की ओर से शनिवार को राजधानी के अलग—अलग हिस्सों में दो स्थायी वाटर कूलर फ्रीज़र स्थापित किया गया। पहला वाटर कूलर फ्रीज़र मारवाड़ी ब्राह्मण सभा परिसर स्थित श्री सालासर हनुमान मंदिर में लगाया गया,जबकि दूसरा कांके रोड स्थित दुर्गा मंदिर में स्थापित किया गया है।

यह जानकारी देते हुए शाखा के संयोजक योगेश्वर अग्रवाल ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा पिछले एक माह से शहरवासियों की सेवा करने के लिए चलंत प्याऊ अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इस सेवा के अंतर्गत ई-रिक्शा के माध्यम से रांची शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों को नींबू पानी, शरबत, सत्तू एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में मंच द्वारा पूरे रांची शहर में कुल 5 चलंत प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं, जिससे प्रतिदिन हजारों राहगीरों, मजदूरों एवं आम नागरिकों को राहत मिल रही है।

शाखा अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना मानव सेवा का सबसे बड़ा कार्य है। मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा सदैव सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि चलंत प्याऊ अभियान को शहरवासियों का भरपूर सहयोग एवं सराहना मिल रही है। मंच के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास से यह सेवा निरंतर सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। आने वाले दिनों में और अधिक स्थानों पर वाटर कूलर फ्रीज़र एवं पेयजल सेवा उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक योगेश्वर अग्रवाल, संकेत सरावगी, गौतम अग्रवाल सहित अन्यि लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story