पति की प्रताड़ना से परेशान विवाहिता पहुंची थाने, प्राथमिकी दर्ज
रामगढ़, 17 जून (हि.स.)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के रामानगर, मरार में घरेलू विवाद के कारण एक महिला काफी परेशान हुई। उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता रूबी मंडल ने अपने ससुराल वालों के खिलाफ बुधवार को रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रूबी मंडल ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 04 साल पहले धनबाद में कंचन घोषाल के साथ हुई थी। लेकिन शादी के बाद ही दहेज के लिए उसके पति और ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। ससुराल वालों और पति की प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने मायके रामानगर, मरार आ गई।
थाना प्रभारी ने इस मामले में पति कंचन घोषाल, ससुर तापस कुमार घोषाल और सास कावेरी घोषाल के अलावा ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रूबी मंडल ने पुलिस को बताया की शादी के बाद ही उसके पति कंचन घोषाल और ससुराल वालों ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया था। तब उसने धनबाद जिले में ही ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। लेकिन तब ससुराल वालों ने दोबारा ऐसी घटना नहीं करने का आश्वासन देकर समझौता कर लिया। लेकिन समझौते के बाद भी ससुराल वालों की हरकतें नहीं सुधरी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

