प्रधानमंत्री के सार्वजनिक सेवा की रजत जयंती, भाजपा चलाएगी सेवा ही संकल्प-जन सेवा-प्रभु सेवा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री के सार्वजनिक सेवा की रजत जयंती, भाजपा चलाएगी सेवा ही संकल्प-जन सेवा-प्रभु सेवा अभियान


रामगढ़, 13 सितंबर (हि.स.)।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा ही संकल्प, जन सेवा-प्रभु सेवा’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, सुशासन, स्वच्छता, रक्तदान, जनकल्याण और युवाओं को सेवा भाव से जोड़ने सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उक्त बातें प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने रविवार को कही।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने ०7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन और सुशासन की यात्रा शुरू की थी। इसके बाद करीब 13 वर्षों तक गुजरात और लगभग 12 वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने शासन और संगठन के माध्यम से काम किया। इसी सेवा यात्रा को केंद्र में रखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को जनसेवा से जोड़ने का अभियान तैयार किया गया है।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होगी। इस दिन विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने का कार्यक्रम होगा। भाजपा का कहना है कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं से करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं और इन लाभार्थियों के बीच यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से ०7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी विद्यालयों में चित्रकला, भाषण और अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण और विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा ‘नमो सेवा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन और सार्वजनिक सेवा यात्रा से जुड़ी अनकही कहानियों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास होगा। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विधानसभा और प्रखंड स्तर पर शिविर लगाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन और सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है।

अभियान के दौरान देश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर रंगोली बनाकर 25 वर्षों की सेवा यात्रा का उत्सव मनाया जाएगा। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं और नवाचार से जुड़े लोगों को सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए जोड़ा जाएगा।

17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ का आयोजन देश के प्रमुख शहरों में किया जाएगा। इसमें पंचायतों और स्थानीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शामिल कर सुशासन और विकास के मॉडल पर संवाद किया जाएगा।

अभियान के बीच 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती भी मनाई जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता उनके एकात्म मानववाद के विचारों और अंत्योदय की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। वहीं ०2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती पर खादी, स्वावलंबन, सादगी और स्वच्छता के संदेश को आगे बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि और स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और सुशासन के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर भाजपा कार्यकर्ता पूरे एक माह तक विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story