डाक विभाग ने डीसी और एसपी को दी योजनाओं की जानकारी
रामगढ़, 16 मार्च (हि.स.)। डाक अधीक्षक, हज़ारीबाग़ डिवीजन निरंजन कुमार, सहायक डाक अधीक्षक ब्रजेश कुमार पासवान और डाक निरीक्षक आशीष कुमार पांडे के निर्देश पर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने सोमवार को रामगढ़ जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर डाक विभाग की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को साझा किया।
इस दौरान मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव ने डीसी फैज अक अहमद मुमताज और एसपी अजय कुमार को डाक विभाग का वार्षिक कैलेंडर और गंगाजल भेंट किया। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने डाक विभाग की सभी योजनाओं को जन कल्याणकारी बताया और कहा कि जिले के सभी डाकघरों में डाक विभाग की सभी सेवाओं को डाक कर्मचारी तन मन से कर रहे हैं।
यही कारण है कि हजारीबाग डिवीज़न का स्थान देश में अव्वल रहा है। देश की सबसे पुरानी बीमा डाक जीवन बीमा योजना का लाभ जहां शहरी क्षेत्रों में रहनेवाले लोग उठा रहे हैं, वहीं सुदूरवर्ती इलाक़ों में रहने वाले लोगों को ग्रामीण डाक जीवन बीमा का लाभ मिल रहा है। डाकघर में लोग अपने पैसों को लेकर सुरक्षित महसूस करते हैं। वहीं, अन्य सभी योजनाओं में लोगों को ज़्यादा लाभ मिलता है।
मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने डाक विभाग को हर संभव सहायता देने की बात कही।
इस दौरान मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय और सहयोगी डाक सहायक शुभम सौरव ने कई लोगों का डाक जीवन बीमा किया और लोगों को डाक विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

