बाजार समितियों की दुकानों के किराये में वृद्धि से व्यवसायी नाराज, मामले पर कृषि मंत्री से बात करेगा चेंबर

WhatsApp Channel Join Now
बाजार समितियों की दुकानों के किराये में वृद्धि से व्यवसायी नाराज, मामले पर कृषि मंत्री से बात करेगा चेंबर


रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान सत्र की कार्यकारिणी समिति की तीसरी बैठक चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को चेंबर भवन में हुई।

राज्य की बाजार समितियों में आवंटित दुकानों और गोदामों के किराये में एकतरफा वृद्धि के निर्णय पर कार्यकारिणी समिति ने आपत्ति जताई। बैठक में कहा गया कि व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डालने वाले ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय संबंधित व्यापारिक संगठनों और स्टेकहोल्डर्स से विमर्श किए बिना लागू करना उचित नहीं है। इससे व्यापारियों में असंतोष बढ़ने के साथ ही बाजार समितियों की व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो सकती हैं। मौके पर चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने इस विषय पर जल्द ही मामले को लेकर कृषि मंत्री से मिलकर वार्ता करने का आश्वासन दिया।

मौके पर कोयलांचल प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा ने गिरिडीह में सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक नो-इंट्री के कारण औद्योगिक इकाइयों को कच्चे माल की ढुलाई में हो रही परेशानी एवं डेमरेज तथा व्हार्फेज शुल्क से बढ़ती लागत पर चिंता जताई। उन्होंने जिले में बाईपास सड़क निर्माण को आवश्यक बताया और न्यू गिरिडीह होकर स्वीकृत गया–संतरागाछी एक्सप्रेस एवं मधुपुर–चोपन रेल सेवाओं का परिचालन जल्द शुरू कराने की मांग की।

वहीं नॉर्थ छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल ने रामगढ़ जिले के गोला क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना और बोकारो औद्योगिक क्षेत्र की बदहाल स्थिति में सुधार के लिए जियाडा से आवश्यक हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने रांची–हजारीबाग मार्ग से राजधानी एक्सप्रेस के परिचालन, रांची रोड रेलवे स्टेशन की स्थिति में सुधार और हजारीबाग–चतरा–गया नई रेल लाइन के निर्माण के लिए संबंधित रेलवे प्राधिकार से आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। चेंबर अध्यक्ष ने इन सभी मुद्दों पर फेडरेशन के स्तर से हरसंभव पहल करने का आश्वासन दिया।

साउथ छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दामोदर कसेरा ने जिले में सिक्कों की कमी के कारण छोटे दुकानदारों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित जायसवाल ने मेदिनीनगर में यातायात व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना की आवश्यकता बताई। साथ ही जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना में फेडरेशन से सहयोग का आग्रह किया।

बैठक में चेंबर के उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, विजय आनंद मुनका, विनय अग्रवाल, दामोदर कसेरा, अमित जायसवाल, डॉ. अभिषेक रामाधीन सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768559 Articles

Share this story