छात्रों पर एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ सीओ कार्यालय पहुंचे बाबूलाल मरांडी, निष्पक्ष एफआईआर की मांग

WhatsApp Channel Join Now
छात्रों पर एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ सीओ कार्यालय पहुंचे बाबूलाल मरांडी, निष्पक्ष एफआईआर की मांग


रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी)-सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली और राज्य सरकार की कथित साजिश के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में भाजपा ने आंदोलन तेज कर दिया है। मंगलवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रांची सदर के अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान छात्रों पर की गई कथित एकतरफा कार्रवाई के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

मरांडी ने कहा कि किसी भी पदाधिकारी को सरकार की कठपुतली बनने के बजाय कानून और विधि सम्मत तरीके से काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान तैनात दंडाधिकारी ने एकतरफा कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अधिकारियों को उनके दायित्व का बोध कराने के लिए कार्यालय पहुंचे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि उस दिन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने छात्रों के कार्यक्रम में बाधा डालते हुए हंगामा किया, लेकिन कार्रवाई छात्रों के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी से झामुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने का आग्रह किया।

मरांडी ने चेतावनी दी कि यदि झामुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो भाजपा नेता संबंधित कार्यालय के समक्ष धरना देंगे। उन्होंने कहा कि छात्र पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शांतिपूर्वक पुतला दहन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में विघ्न डालने और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ दंडाधिकारी ने एफआईआर दर्ज नहीं की।

मरांडी ने कहा कि सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कई वीडियो और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिनसे यह स्पष्ट हो सकता है कि उस दिन किसने हंगामा किया। उन्होंने कहा कि दंडाधिकारी को निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए पहले उन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करनी चाहिए थी, जिन्होंने कथित तौर पर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दंडाधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि एसपी कार्यालय में सीआईडी के इंचार्ज मनोज कौशिक बैठकर काम करते हैं।

मरांडी ने कहा कि उन्होंने 24 अगस्त को ही चेतावनी दी थी कि यदि झामुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो 25 अगस्त को संबंधित मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसी क्रम में मंगलवार को वह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय पहुंचे।

इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, वरुण साहू समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story