झारखंड में 82.11 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी, अनमैप्ड वोटरों की सूची वेबसाइट पर जारी
रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाताओं की मैपिंग और इन्यूमरेशन फॉर्म वितरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को बताया कि राज्य में अब तक 82.11 प्रतिशत (2,17,27,827) मतदाताओं की विगत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की मतदाता सूची से सफलतापूर्वक मैपिंग कर ली गई है, जबकि 17.89 प्रतिशत (47,35,409) मतदाता अभी भी अनमैप्ड हैं।
उन्होंने बताया कि अनमैप्ड मतदाताओं की सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा कर दी गई है। साथ ही यह सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दी गई है ताकि संबंधित मतदाता अपनी जानकारी का सत्यापन कर सकें।
के. रवि कुमार ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्य में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) आपसी समन्वय के साथ घर-घर पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य कर रहे हैं। अभियान के पहले 10 दिनों में ही बीएलओ 66.25 प्रतिशत यानी 1,75,31,915 मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा चुके हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विगत एसआईआर की मतदाता सूची को 'सुपीरियर डॉक्यूमेंट' माना गया है, जिन मतदाताओं की मैपिंग पहले की एसआईआर सूची से हो चुकी है, उन्हें किसी अतिरिक्त दस्तावेज को जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि इन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय विगत एसआईआर से संबंधित मैपिंग का विवरण अवश्य अंकित करें और भरे हुए फॉर्म को समय पर बीएलओ को सौंप दें, ताकि डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है। इसके लिए निर्वाचन आयोग सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से अभियान संचालित कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

