झारखंड में कमजोर पड़ा मानसून, 23 जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में कमजोर पड़ा मानसून, 23 जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश


झारखंड में कमजोर पड़ा मानसून, 23 जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश


रांची, 22 जून (हि.स.)। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार इस वर्ष अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी है। राजधानी रांची को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में वर्षा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार 01 जून से 22 जून तक राज्य के 24 जिलों में से 23 जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे कृषि गतिविधियों और जलस्रोतों को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।

मौसम विभाग की ओर से सोमवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, गढ़वा जिला सबसे अधिक वर्षा कमी वाले क्षेत्रों में शामिल है। यहां मानसून सीजन के दौरान अब तक केवल एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 99 प्रतिशत कम है। इसी प्रकार चतरा जिले में मात्र 6.8 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 92 प्रतिशत कम है। कई अन्य जिलों में भी वर्षा का आंकड़ा सामान्य स्तर से काफी नीचे बना हुआ है।

इसके विपरीत राजधानी रांची राज्य का एकमात्र प्रमुख जिला रहा, जहां मानसूनी गतिविधियां अपेक्षाकृत बेहतर रहीं। रांची में 01 जून से 22 जून के बीच 118.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य वर्षा से दो प्रतिशत अधिक है।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम के मिजाज में कुछ बदलाव की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार राज्य में 28 जून तक कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। संभावित मौसम गतिविधियों को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक वर्षा गिरिडीह जिले के नंदाडीह क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां 62.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इस वर्षा से स्थानीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सर्वाधिक तापमान डालटनगंज डाल्टनगंज में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान लातेहार में 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए रहे तथा कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बादलों और वर्षा के कारण दिनभर मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना बना रहा। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

राज्य के प्रमुख शहरों में दर्ज तापमान की बात करें, तो रांची का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री तथा न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डाल्टनगंज में अधिकतम 41.8 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। बोकारो में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री तथा न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। यदि पूर्वानुमान के अनुसार वर्षा होती है तो राज्य के कई जिलों में बारिश की कमी की स्थिति में सुधार हो सकता है, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story