झारखंड में मानसून अब तक कमजोर, सामान्य से 46 प्रतिशत कम बारिश; 4 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में मानसून अब तक कमजोर, सामान्य से 46 प्रतिशत कम बारिश; 4 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी


रांची, 03 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। राज्य में 1 जून से 3 जुलाई तक सामान्य से 46 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे कई जिलों में खेती-किसानी और जल संसाधनों को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक सबसे कम बारिश साहिबगंज जिले में हुई है, जबकि दुमका वर्षा के मामले में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला जिला रहा है। साहिबगंज जिले में 1 जून से 3 जुलाई के बीच केवल 3.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 99 प्रतिशत कम है। इसके विपरीत दुमका में 207.8 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से केवल 8 प्रतिशत कम है। इसके अलावा रांची, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और जामताड़ा जैसे जिलों में भी अपेक्षाकृत बेहतर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं बोकारो, गढ़वा, पलामू, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा और चतरा उन जिलों में शामिल हैं, जहां सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है।

मौसम विभाग ने 4 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार, 7 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। साथ ही दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का भी अनुमान है। इसको लेकर संबंधित क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा बिजली गिरने की आशंका के समय आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

राजधानी रांची की बात करें, तो शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी एवं उमस से काफी राहत मिली। लगातार कई दिनों की उमस के बाद हुई इस बारिश से शहर का मौसम सुहावना हो गया, हालांकि कुछ क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी सूचना मिली।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस बोकारो में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री तथा न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 29.8 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.1 डिग्री तथा न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि चाईबासा में अधिकतम 33.8 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story