झारखंड में मानसून कमजोर, बारिश की कमी से उमस और गर्मी बढ़ी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में मानसून कमजोर, बारिश की कमी से उमस और गर्मी बढ़ी


झारखंड में मानसून कमजोर, बारिश की कमी से उमस और गर्मी बढ़ी


रांची, 16 जून (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड में अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका है, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कमी बनी हुई है। 12 जून को मानसून के आगमन के बाद रांची सहित कुछ क्षेत्रों को छोड़कर बाकी हिस्सों में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। बारिश की कमी के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश में कमी का असर किसानों पर भी दिखने लगा है और वे अब मौसम के बदलते रुख को लेकर चिंतित हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पूर्वी और निकटवर्ती मध्य हिस्सों में 19 और 20 जून को गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग ने यह भी बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में 22 जून तक बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। इस अवधि में हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 40.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी दौरान सबसे अधिक वर्षा पाकुड़ जिले के महेशपुर में 21.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।

मंगलवार को रांची में सुबह से ही मौसम साफ रहा और तेज धूप के कारण उमस और गर्मी बढ़ गई। यहां अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 40 डिग्री और न्यूनतम 29.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 40.4 और न्यूनतम 29.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 38.5 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story