झारखंड में मानसून की दस्तक कभी भी संभव, 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में मानसून की दस्तक कभी भी संभव, 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी


रांची, 12 जून (हि.स.)। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मानसून कभी भी दस्तक दे सकता है। विभाग ने संभावना जताई है कि अगले कुछ घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

इस बीच मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 12 जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

राज्य के जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है उनमें देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो और रामगढ़ शामिल हैं। ये जिले मुख्य रूप से राज्य के उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्यवर्ती क्षेत्र में स्थित हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया में सर्वाधिक 92.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में भी 40.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना बना रहा और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

तापमान की बात करें, तो पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा तथा धूप खिली रही। हालांकि दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और मध्यम गति से ठंडी हवाएं चलने लगीं। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली।

शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 38.2 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 39.5 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.1 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35.8 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदानों में जाने से बचने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। ----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story