रांची समेत झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय, बारिश ने दिलाई गर्मी-उमस से राहत

WhatsApp Channel Join Now
रांची समेत झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय, बारिश ने दिलाई गर्मी-उमस से राहत


रांची, 28 जून (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में रविवार दोपहर बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया। दोपहर के बाद आसमान में घने बादल छा गए और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया तथा लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची केंद्र ने रविवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर शेष अधिकांश जिलों में गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने संबंधित जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने यह भी पूर्वानुमान जताया है कि चार जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 54 मिलीमीटर वर्षा देवघर जिले के सिकटिया में दर्ज की गई। वहीं, राज्य का सर्वाधिक तापमान डाल्टनगंज में 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के नामकुम में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

रविवार को सुबह से रांची और आसपास के क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 37.6 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 40.7 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 37.5 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मानसून की गतिविधियां बनी रहेंगी और राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story