डीसी ने आयोजित किया क्रेता-विक्रेता सम्मेलन
रामगढ़, 14 मई (हि.स.)। जिला प्रशासन की पहल पर गुरुवार को जिला ग्रामीण विकास शाखा की ओर से बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत आम बागवानी उत्पादकों के लिए एक दिवसीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन एवं विपणन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डीसी ऋतुराज ने की।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जिले के सुदूर क्षेत्रों में आम की बागवानी कर रहे किसानों को सीधे बाजार उपलब्ध कराना और किसानों की आय में वृद्धि करना है। सुदूर क्षेत्रों से आए आम उत्पादक किसानों के लिए यह कार्यक्रम उम्मीद की एक नई किरण लेकर आया। कार्यक्रम के दौरान डीसी ने किसानों से बातचीत की और उनकी ओर से उपजाए गए आमों की गुणवत्ता की सराहना की।
सम्मेलन में डीडीसी आशीष अग्रवाल ने किसानों को आधुनिक बिक्री और बेहतर पैकेजिंग पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि किसान अपने उत्पादों की ग्रेडिंग और ब्रांडिंग पर ध्यान दें, तो रामगढ़ के आमों की पहचान बड़े शहरों के बाजारों तक आसानी से बन सकती है।
कार्यक्रम में बड़े थोक विक्रेताओं और व्यापारियों ने भी शिरकत की। किसानों ने सीधे व्यापारियों से मोल-भाव किया और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन की बारीकियों को समझा। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि किसानों को परिवहन या भंडारण में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

