मांडू जोड़ा तालाब का हाेगा सौंदर्यीकरण : डीसी
रामगढ़, 16 सितंबर (हि.स.)। जिले के मांडू क्षेत्र के दौरे पर निकले डीसी ऋतुराज ने ग्रामीण इलाकों में विकास योजनाओं की शुरूआत की।
मौके पर उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचागत निर्माण कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए चिन्हित स्थलों का व्यापक निरीक्षण भी किया।
भ्रमण के क्रम में डीसी ने जोड़ा तालाब पहुंचकर इसके कायाकल्प और सौंदर्यीकरण का जायजा लिया। परिसर में अत्याधुनिक लाइट लगाने, हरित पट्टी विकसित करने, पैदल पथ निर्माण और जल की निरंतर स्वच्छता रखने के निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने नया मोड़ से गिद्दी हीरक रोड की स्थिति को देखते हुए विभिन्न समन्वयकारी एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर जल्द सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने रेमरा में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को भूमि हस्तांतरण और निर्माण से जुड़ी प्रक्रियात्मक अड़चनों को दूर करते हुए तेजी से कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की अन्य विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए चिन्हित स्थलों का भौतिक सत्यापन किया।
सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

