खेत में किसानों के साथ उतरीं मांडू की बीडीओ, रोपा कर बढ़ाया हौसला

WhatsApp Channel Join Now
खेत में किसानों के साथ उतरीं मांडू की बीडीओ, रोपा कर बढ़ाया हौसला


रामगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)।

मांडू प्रखंड में धान रोपनी का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी रीना कुजूर और प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनीता सिंह ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान किसानों के बीच पहुंचकर खेत में उतरकर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों को अपने बीच खेत में काम करते देख किसान भी उत्साहित नजर आए।

बीडीओ रीना कुजूर ने किसानों एवं महिला कृषकों के साथ खेत में धान की रोपनी कर श्रम का सम्मान करते हुए उन्हें खेती के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी परवरिश भी ग्रामीण परिवेश में हुई है।

बचपन में वे अपने परिवार के साथ खेतों में रोपनी और अन्य कृषि कार्यों में हाथ बंटाया करती थीं। गांव, खेत और हरियाली से उनका विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत ही देश की समृद्धि की आधारशिला है।

प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनीता सिंह ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन-चार दिनों तक अच्छी वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में सभी किसान इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए समय पर धान की रोपनी का कार्य पूरा कर लें, ताकि बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके।

उन्होंने किसानों को फसल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करते हुए कहा कि सभी कृषक प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। फसल बीमा प्राकृतिक आपदा एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है और सरकार की ओर से निर्धारित सहायता का लाभ भी सुनिश्चित करता है।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने किसानों से खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्हें कृषि विभाग कीओरसे संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story