बेडो के टेरो गांव में तीन दिवसीय मंडा पूजा संपन्न, नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
बेडो के टेरो गांव में तीन दिवसीय मंडा पूजा संपन्न, नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां


रांची, 29 अप्रैल (हि.स.)। रांची के बेडो प्रखंड अंतर्गत टेरो गांव में भगवान शिव की आराधना और अटूट आस्था का महापर्व तीन दिवसीय मंडा पूजा श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सन्नी टोप्पो ने किया। उन्होंने कहा कि मंडा पूजा हमारी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भोक्ताओं द्वारा नंगे पांव आग पर चलना और कांटों पर लोटना कठिन तपस्या, संयम और ईश्वर के प्रति सच्चे समर्पण को दर्शाता है। यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, विश्वास और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत स्वरूप है।

सन्नी टोप्पो ने कहा कि मंडा पूजा झारखंडी और नागपुरी संस्कृति की असली पहचान है। अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का आह्वान किया।

उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की भी कामना की। पूजा के अंतिम दिन झूलन कार्यक्रम के साथ मंगलवार रातभर भव्य नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने पूरे आयोजन को और अधिक आकर्षक बना दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिससे लोग देर रात तक झूमते रहे। मेले और झूलन कार्यक्रम में टेरो सहित आसपास के हजारों ग्रामीण शामिल हुए। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद उठाया।

इस अवसर पर बिरसा उरांव, नवल सिंह, रंथा उरांव, बलराम सिंह, नवदीप महतो, मनोज उरांव, मगरा पहान, गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।--------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story