एचईसी के सफाई कर्मियों को मेंटेनेंस बूथों पर पदस्थापित करें प्रबंधक : लालदेव

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी के सफाई कर्मियों को मेंटेनेंस बूथों पर पदस्थापित करें प्रबंधक : लालदेव


रांची, 16 मई (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन (एटक) के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने शनिवार को हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) के कार्मिक निदेशक को शनिवार को पत्र लिखकर टाउनशिप की बिगड़ती सफाई व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने मांग करते हुए कहा है कि प्लांट में तैनात सभी सफाई कर्मियों को वापस बुलाकर पहले की तरह टाउनशिप के मेंटेनेंस बूथों पर पदस्थापित किया जाए।

उन्होंने पत्र में कहा गया है कि टाउनशिप से सफाई कर्मियों को हटाकर प्लांट में लगाए जाने के कारण क्वार्टरों की सीवरेज लाइन की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। इससे कई इलाकों में सड़कों और क्वार्टरों के आसपास गंदा पानी बह रहा है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है और विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बरसात आने से पहले स्थिति में सुधार जरूरी है, अन्यथा समस्या और गंभीर हो सकती है।

लालदेव सिंह ने कहा कि लीज क्वार्टरों की सीवरेज सफाई के लिए प्रत्येक वर्ष टाइप ए से लेकर अन्य श्रेणियों तक के क्वार्टरों से 400 रुपये से 1000 रुपये तक शुल्क लिया जाता है, जो लीज एग्रीमेंट में निर्धारित है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था ठप रहने से समझौते की शर्तों का उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने एचईसी प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story