रांची के मांडर टोल प्लाजा पर मारपीट में कई कर्मी घायल

WhatsApp Channel Join Now
रांची के मांडर टोल प्लाजा पर मारपीट में कई कर्मी घायल


रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)। रांची जिले के मांडर टोल प्लाजा में 50 से 60 की संख्या में पहुंचे लोगों ने जमकर बवाल काटा है। टोल प्लाजा के मैनजर सहित कई कर्मियों को बेरहमी से पीटा गया है, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। मारपीट की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। घटना सोमवार देर रात की बतायी जा रही है।

मांडर का टोल प्लाजा में मामूली विवाद के बाद बारात जा रहे 50-60 की संख्या में उपद्रवियों ने टोल प्लाजा पर हमला बोल दिया। बारात में शामिल बारातियों ने टोल के मैनेजर सहित कई कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा भी। टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट और पूरे बवाल की तस्वीर कैद हुई है।

मांडर टोल प्लाजा के मैनेजर ने बताया कि शादी समारोह में जा रहे लोग नियमों को दरकिनार करते हुए गलत दिशा से जाने की कोशिश कर रहे थे। जिस रास्ते से बाइक और ऑटो जाते हैं, उसी रास्ते से ये लोग निकलना चाह रहे थे। यह देख वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने जब उन्हें रोका तो बारातियों ने टोल कर्मियों पर हमला कर दिया।

इस दौरान लगभग छह से अधिक टोल कर्मियों की पिटाई की गई। बारात में शामिल लोगों ने ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मियों के साथ भी मारपीट की। इस दौरान कुछ लोगों के जरिये टोल पर पत्थरबाजी भी की गई। घटना के बाद घायल टोल कर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

वहीं, टोल कर्मियों के जरिये मांडर थाना में मंगलवार काे आज्ञात लाेगाें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई गई। जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कारवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि टोल प्लाजा पर हमला हुआ है। मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story