राजनीति में युवाओं की भागीदारी से ही आएगा बड़ा बदलाव : दीपिका

WhatsApp Channel Join Now
राजनीति में युवाओं की भागीदारी से ही आएगा बड़ा बदलाव : दीपिका


रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि युवा समाज और देश में बड़ा बदलाव लाना चाहते हैं तो उन्हें राजनीति और नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आना होगा। राजनीति में युवाओं की भागीदारी से ही समाज, राष्ट्र और देश में बड़ा बदलाव आएगा। मंत्री सोमवार को पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की ओर स्कूमल परिसर में आयोजित छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्या अतिथि बोल रहे थे।

मौके पर उन्होंने कहा कि संवेदनशील, शिक्षित और दूरदर्शी नेतृत्व ही सामाजिक न्याय, समान अवसर और जनहित को मजबूत कर सकता है। इस अवसर पर उन्होंने 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुरूप करियर चुनने और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने हाल के पेपर लीक और सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि इस वर्ष कई विद्यार्थियों को मूल्यांकन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि झारखंड के एक छात्र की ओर से मूल्यांकन प्रक्रिया की विसंगतियों को उजागर करना सराहनीय है। पुनर्मूल्यांकन के बाद झारखंड की एक छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करना भी मूल्यांकन प्रणाली में सुधार की आवश्यकता को दर्शाता है। विद्यार्थियों की समस्याओं और अधिकारों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए छात्रों की गूंज अभियान चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम में बडी संख्या में छात्र-छात्राएं सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story